गजुपुरा के ग्राम प्रधान को घसीटकर ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर जनपद में धामपुर थाना क्षेत्र के गांव गजुपुरा में मतदान केंद्र बदलवाने के विरोध में जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव में मतदान का भी बहिष्कार कर दिया। इस बीच ग्रामीणों ने गुरुवार को दो बजे तक वोट नहीं डाले थे। इसका पता चलते ही डीएम सुजीत कुमार, एसपी संजीव त्यागी गांव में पहुंचे। इसके बाद अधिकारियों के सामने ही पुलिस ने ग्राम प्रधान को दौड़ा- दौड़ाकर पीटा।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान ने उनका बूथ जानबूझकर बदलवाया है। वहीं डीएम, एसपी की मौजूदगी में पुलिस ने प्रधान को दौड़ा दौड़ाकर पीटा और थाने ले गई। इसके विरोध में दूसरे गांव के लोगों ने मतदान नहीं किया। प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गांव में फोर्स तैनात की गई है।
गांव गजुपुरा का मतदान केंद्र इस बार गांव रसूलपुर इम्मा में बनाया गया था। ग्रामीण इसके विरोध में उतर गए और मतदान नहीं किया। दोपहर को डीएम और एसपी गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि वह अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रधान के कहने पर बूथ रसूलपुर इम्मा में पहुंचा दिया गया, जो करीब डेढ़ किमी दूर है। रास्ता भी कीचड़ से भरा है।