मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में सोमवार से प्रोफेशनल कोर्सों की परीक्षाएं शुरू हो गई। बीकॉम-एलएलबी के कोड-101 पेपर को छात्र-छात्राओं ने आउट ऑफ सिलेबस बताया है। इस मामले में विश्वविद्यालय ने डीन से रिपोर्ट मांगी है। वहीं, पहले दिन परीक्षाओं में कहीं कोई नकल आदि की शिकायत नहीं मिली।
सोमवार से प्रोफेशनल कोर्सों बीबीए, बीसीए, बीजेएमसी, बीएससी कंप्यूटर साइंस, बीवॉक, बीपीईएस, एमआईबी, एमएससी बॉयोइनफार्मेटिक्स, एमसीएस, एमएससी कंप्यूटर साइंस इंटीग्रेटेड, एमटेक, बायोटेक, एमलिब, एमपीईएस, एमएफए और एमएससी ह्यूूमन डेवलेपमेंट, मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इनफार्मेशन साइंस की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। इसके अलावा एमआईबी, एमएससी बॉयोइनफार्मेटिक्स, एमसीएस, एमएससी कंप्यूटर साइंस इंटीग्रेटेड, एमटेक, बायोटेक, एमलिब, एमपीईएस, एमएफए और एमएससी ह्यूूमन डेवलेपमेंट कोर्स भी इनमें शामिल हैं। पहले दिन विवि के केंद्रीय सचल सतर्र्कता दल प्रथम ने कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस टीम में प्रो. शिवराज सिंह, डॉ. दुष्यंत कुमार और डॉ. राजीव कौशिक मौजूद रहे।
टीम को एक सेंटर पर छात्र-छात्राओं ने शिकायत की कि बीए-एलएलबी कोड 1001 के पेपर में गलती है। इसमें सी खंड में केवल चार प्रश्न दिए गए थे जबकि निर्देशों में पांच प्रश्नों में से तीन प्रश्न हल करने को कहा था। इस गलती के बारे में उड़नदस्ते में मौजूद अधिकारियों ने विवि को अवगत कराते हुए छात्र-छात्राओं से पेपर देने को कहा। इसके अलावा बीकॉम-एलएलबी के कोड-101 के छात्रों ने पेपर आउट ऑफ सिलेबस बताया। जिसके बारे में विवि को पूरी जानकारी दे दी गई। छात्रों को आश्वासन दिया गया कि उनका अहित नहीं होगा। जांच कराकर इस संबंध में उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रो. शिवराज सिंह की टीम ने परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में हुई परीक्षा में कई केंद्रों पर चेकिंग की। लेकिन कहीं कोई शिकायत सामने नहीं आई। वहीं, विवि ने प्रोफेशनल और ट्रेडिशनल कोर्सों की परीक्षाओं के लिए छह ऑब्जर्वर भी नियुक्त कर दिए हैं।
एलएलएम की इंटरनल परीक्षा 27 से 30 नवंबर तक
मेरठ। सीसीएसयू कैंपस के विधि संस्थान के एलएलएम के छात्र-छात्राओं की इंटरनल परीक्षाएं 27 नवंबर से 30 नवंबर के बीच में होेंगी। इस संबंध में पूरी जानकारी विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
बीए-एलएलबी की परीक्षा नौ को
मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और संबद्ध कॉलेजों में बीए-एलएलबी की 30 नवंबर को होने वाली कोड-902 क्रिमिनल प्रोसीजर कोड की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। अब ये परीक्षा नौ दिसंबर को आयोजित की जाएगी। सभी कॉलेजों को इस संबंध में अवगत करा दिया गया है।
दो परीक्षा केंद्र बदले
विवि ने प्रोफेशनल कोर्सों की परीक्षाओं को बनाए गए दो केंद्रों को बदल दिया है। इन कॉलेजों को इसकी जानकारी दे दी गई है। वेबसाइट पर जानकारी अपलोड कर दी गई है।