संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) परिसर में सत्र 2026-27 से नौ नए पाठ्यक्रम शुरू होने जा रहे हैं। विश्वविद्यालय ने सोमवार को इन नए कोर्सों का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। अब छात्र परिसर में ही बीसीए और बेचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट जैसी पढ़ाई कर सकेंगे। इसके अलावा बीएससी फॉरेंसिक साइंस और संगीत में स्नातकोत्तर की पढ़ाई भी शुरू होगी।
नए पाठ्यक्रमों में बीएससी फॉरेंसिक साइंस, बीएससी कृषि ऑनर्स, बीवॉक मेडिकल लैब एंड मॉलीक्यूलर डाइग्नोस्टिक टेक्नोलॉजी, पीजी इन म्यूजिक (संगीत में स्नातकोत्तर), बीवॉक एयरलाइन, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट, बीसीए, बीटेक रोबोटिक्स एंड एआई, बीटेक एजी डिजिटल एग्रीकल्चर (पहले बीटेक एजी को अपडेट किया गया) और बेचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट शामिल है।
इसके अलावा सभी बीटेक ब्रांच में वैल्यू एडेड कोर्स का विकल्प भी दिया जाएगा। विवि ने कहा है कि नए सत्र से पहले इन कोर्सों में शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी ताकि पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू हो सके। यह फैसला छात्रों के लिए बड़ा अवसर है क्योंकि अब मेरठ के मुख्य कैंपस में ही आधुनिक और रोजगारपरक कोर्स उपलब्ध होंगे। ज्यादा जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट ccsuniversity.ac.in देख सकते हैं।