बीएवी इंटर कॉलेज मामले की सुनवाई अब 19 को
मेरठ। बीएवी इंटर कॉलेज में व्यावसायिक कॉप्लेक्स बनाने और अन्य वित्तीय अनियमितताओं के मामले में अब 19 दिसंबर को सुनवाई होगी। कॉलेज प्रबंधक रजनीकांत शर्मा ने एक बार फिर बीमारी की बात कहते हुए समय मांगा है। सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार ने अंतिम मौका दिया है।
कॉलेज में शिक्षण कक्ष तोड़कर विभागीय अधिकारियों की स्वीकृति और एमडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना व्यावसायिक कांप्लेक्स बना दिया गया है। प्रबंधक और प्रबंध समिति पर कई वित्तीय अनियमितताओं के भी आरोप हैं। लोकेश खुराना की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जांच सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी हैं। कॉलेज प्रबंधक पहले ही दिन से लगातार बीमारी की बात कहते हुए सुनवाई के लिए समय मांग रहे हैं।
सोमवार को शिकायतकर्ता के अधिवक्ता गौरव कुमार ने सिटी मजिस्ट्रेट के सामने लगातार तारीख लेने पर आपत्ति जताई। कहा, रजनीकांत पर दो वाद पहले से चल रहे हैं। वह उनका निस्तारण होने तक समय मांग रहे हैं, जो गलत है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने 19 दिसंबर की तारीख सुनवाई के लिए तय करते हुए कहा कि यदि उनके समक्ष जवाब और साक्ष्य प्रस्तुत नहीं होते हैं, तो वह एकतरफा रिपोर्ट देने पर बाध्य होंगे।
---
एमडीए में ध्वस्तीकरण की तैयारी
कॉलेज परिसर में व्यावसायिक कांप्लेक्स बनाने के मामले में आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत में एमडीए ने कहा कि है कि क्षेत्रीय अवर अभियंता से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट के आधार पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।