मेरठ-बागपत हाईवे पर गांव पांचली खुर्द के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। मेरठ-बागपत हाईवे पर बृहस्पतिवार शाम पांचली खुर्द के पास स्थित फ्रेट कॉरिडोर के नीचे बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक बैंक कर्मी के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने बैंक कर्मी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया।
मेरठ के थाना कंकरखेड़ा अंतर्गत नटेशपुरम निवासी राजीव पुत्र फतेह सिंह थाना जानी क्षेत्र के सिवाल खास स्थित केनरा बैंक में कार्यरत हैं। राजीव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार शाम वह अपनी बाइक से बैंक की ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। वह मेरठ-बागपत हाईवे पर गांव पांचली खुर्द पार कर फ्रेट कॉरिडोर के पास पहुंचे,। पीछे से दो बाइकों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने असलहे के बल पर उनसे 20 हजार रुपये की नकदी, सोने की चेन और अंगूठी लूट ली। राजीव ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में गंभीर चोट लगने के कारण वह सड़क पर ही बेहोश हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग गए। सड़क किनारे बेहोश पड़े राजीव को देखकर राहगीरों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात होश में आने पर उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। शुक्रवार को पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी।
सरधना सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट का प्रतीत हो रहा है लेकिन लूट के आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।