मेरठ। शहर के केनरा बैंक में खाता खुलवाने के लिए गई बीए की एक छात्रा के साथ संविदा बैंक कर्मचारी ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की मां की तहरीर पर मेडिकल थाने में आरोपी संविदा बैंककर्मी शिवम के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मेडिकल थाना क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा बीए की पढाई कर रही है। वह अपनी मां के साथ शुक्रवार को बैंक में खाता खुलवाने के लिए केनरा बैंक गई थी। खाता खुलवाने के लिए केवाईसी कराने के कुछ दूर जाने की बात कहकर बैंक कर्मचारी शिवम निवासी सूरजकुंड अपने साथ छात्रा को ले गया। मां बैंक में बैठी रही। इस दौरान वह उसे एक मकान में ले गया। आरोप है कि यहां छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया।
वहीं, पीड़िता की मां ने बैंक में मेडिकल पुलिस बुला ली। पुलिस ने आरोपी शिवम को हिरासत में ले लिया। पीड़िता की मां की तहरीर पर मेडिकल पुलिस ने शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, पीड़िता के परिजनों ने कुछ देर के लिए हंगामा भी कर दिया। छात्रा के नाबालिग होने के चलते पुलिस ने पोक्सो एक्ट में भी नामजद किया है। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।