मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास पर अरोमा रिजेंसी होटल के सामने टाटा पिकअप गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार रिठानी गांव निवासी बैंककर्मी धर्मेंद्र (44) की मौत हो गई।
धर्मेंद्र मोहिउद्दीनपुर की भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। शुक्रवार को वह बैंक के काम से बाइक पर तेजगढ़ी चौराहे पर गए थे। शाम को वहां से लौटते समय बिजली बंबा बाईपास पर अरोमा रिजेंसी होटल के सामने वह आगे चल रहे टेंपो को ओवरटेक कर रहे थे। सामने से आ रही पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल को हॉस्पिटल ले गई। वहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। गाड़ी भी कब्जे में ले ली है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हेलमेट लगा होता तो बच सकती थी जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धर्मेंद्र ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। हेलमेट तो शायद उसकी जान बच जाती। हादसे की खबर मिलने पर धर्मेंद्र के परिजन तत्काल हॉस्पिटल पहुंच गए। तब तक धर्मेंद्र की मौत हो चुकी थी। उसका शव स्ट्रेचर था। शव देखते ही पत्नी ममता, बेटे अंकित और पुत्री मानवी का रोते हुए बुरा हाल हो गया। रिश्तेदारों ने उन्हें किसी तरह संभाला।