- विद्युत वितरण खंड मवाना के अधिशासी अभियंता ने नोटिस दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। विद्युत वितरण खंड मवाना के अधिशासी अभियंता ने लालजी फार्म हाउस को नोटिस दिया है। फार्म हाउस के ऊपर से 11 केवी की दो हाईटेंशन लाइनें गुजर रही हैं। यह भारतीय विद्युत अधिनियम 1956 के नियम 82 (1) का सीधा उल्लंघन है।
अधिशासी अभियंता सतीश चंद्र ने बताया कि ये लाइनें जनमानस की सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक हैं। इनसे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना या जान-माल के नुकसान की आशंका बनी रहती है। विभाग ने पूर्व में 18 मार्च 2026 को भी नोटिस जारी किया था। उसमें लाइनों को अंडरग्राउंड या अन्यत्र शिफ्ट कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद फार्म हाउस संचालक द्वारा कोई सार्थक कदम नहीं उठाया गया।
जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्युत निगम ने फार्म हाउस में किसी भी कार्यक्रम के आयोजन पर तत्काल रोक लगा दी है। नोटिस में सख्त चेतावनी दी कि जब तक दोनों 11 केवी लाइनें सुरक्षित नहीं हो जातीं, कोई आयोजन न करें। यदि रोक के बावजूद कोई अनहोनी होती है तो फार्म हाउस स्वामी स्वयं जिम्मेदार होंगे। उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी मवाना और क्षेत्राधिकारी पुलिस को भी इसकी प्रतिलिपि भेजी है। संचालक नौशाद आलम का कहना है कि एस्टीमेट बन चुका है। लाइनों को अंडरग्राउंड कराने की कार्रवाई की जा रही है।