सरधना। नगर में जाम की स्थिति को लेकर एसएसपी ने सरधना में भारी वाहनों को प्रतिबंंधित कर दिया है। सुबह 9:00 बजे से लेकर रात 9:00 बजे तक नगर में भारी वाहनों का आगमन पूरी तरह से बंद रहेगा।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर स्थानीय लोगों एवं अन्य अधिकारियों द्वारा कस्बा सरधना में जाम की समस्या बताई गई थी। जाम की समस्या के निस्तारण व यातायात व्यवस्था को सुगम एवं निर्बाध बनाने की दृष्टि से नगर में सुबह 9:00 बजे से रात 9:00 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम कार्रवाई की जाएगी।
शामली की ओर से कस्बा सरधना के रास्ते दौराला की तरफ जाने वाले भारी वाहन कस्बा सरधना से न होकर भूनी चौराहा से मेरठ-शामली हाईवे से नानू पुल और दौराला पुल से होकर जाएंगे। दौराला व खिर्वा रोड के रास्ते कस्बा सरधना से होकर शामली की ओर जाने वाले भारी वाहन दौराला पुल से सीधे नानू पुल होते हुए मेरठ-शामली हाईवे होकर शामली के लिए डाइवर्ट किए जाएंगे। कस्बा सरधना में केवल हल्के व्यावसायिक वाहन, आवश्यक वस्तुओं व चिकित्सा से संबंधित वाहन को ही नो एंट्री के समय गुजरने की अनुमति होगी।