मोदीपुरम। प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर एनसीआर कमीशन आयोग और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ग्रेप-3 लागू कर दिया है। अब मेरठ में सभी निर्माण कार्याें पर रोक लगा दी गई है। रैपिडक्स और एक्सप्रेसवे के काम नियमानुसार चलते रहेंगे। सीएक्यूएम की बैठक के बाद ग्रेप-3 को लागू करने का निर्णय लिया गया। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने बृहस्पतिवार को गेसूपुर रोड पर कूड़ा जलाने पर कैंटोनमेंट बोर्ड पर 25000 रुपये का जुर्माना लगाया है।
बृहस्पतिवार को एनसीआर कमीशन आयोग और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की बैठक हुई। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 होने के बाद निर्णय लिया गया कि ग्रेप-3 लागू कर दिया जाए। मेरठ में पिछले 24 घंटे में ही एक्यूआई 196 से बढ़कर 283 पर पहुंच गया। इससे दिन भर धुंध सी छाई रही।
बागपत का एक्यूआई 249, गाजियाबाद का 298 और मुजफ्फरनगर का 237 रिकॉर्ड किया गया। शहर में जयभीमनगर का एक्यूआई 293, गंगानगर 341, पल्लवपुरम 216, बेगमपुल 352, दिल्ली रोड का 335 दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को बेगमपुल शहर में सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा है। गंगानगर दूसरे नंबर पर प्रदूषित रहा है।
एनसीआर में स्टेज 3 में यह है जरूरी
सड़कों की ज्यादा से ज्यादा सफाई कराई जाए
पानी का अधिक से अधिक छिड़काव किया जाए
कूड़े के ढेर में आग न लगाई जाए
पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल किया जाए
कार्यालयों का समय आगे-पीछे किया जाए
सभी निर्माण कार्य बंद किए जाएं
नियमानुसार एक्सप्रेसवे और रैपिडक्स के ही कार्य चलेंगे
धूल ने उड़ाई जाए सड़कों को साफ रखा जाए
इन विभागों की है अहम भूमिका
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एनसीआर कमीशन आयोग ने एनसीआर में प्रदूषण को कम करने के लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रदूषण को रोकने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अलावा ग्रेप सिस्टम में नगर निगम मेरठ, विकास प्राधिकरण, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ, कृषि विभाग समेत एक दर्जन से अधिक विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देश पर मॉनिटरिंग कमेटी भी बनाई गई है। जिलाधिकारी ने नियमों को सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए हैं।
वर्जन
एनसीआर में ग्रेप-3 स्टेज लागू कर दी गई है। सभी विभाग नियमों का सख्ती से पालन कराएं। मेरठ में बनाई गई कमेटी लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। - भुवन प्रकाश यादव, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी
दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव
मोदीपुरम। नवंबर में दिन और रात के मौसम में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दिन में मौसम गर्म है और रात में तेजी से बदलाव आ रहा है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड़ किया गया। दिन के तापमान में 2.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. यूपी शाही का कहना है कि अभी मौसम शुष्क बना रहने के चलते उतार चढ़ाव रहेगा। रात में ठंड़ बढ़ेगी और दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। सर्दी का असर धीरे धीरे बढ़ेगा।