सीबीएसई की अखिल भारतीय शूटिंग प्रतियोगिता में जीते 22 पदक
ग्रेटर नोएडा में 78 स्कूलों ने किया प्रतिभाग
एयर राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं में दिखाया कौशल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खिलाड़ियों ने सीबीएसई की अखिल भारतीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया और ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। ग्रेटर नोएडा के बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के 78 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। बालेराम स्कूल के 30 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर कुल 22 पदक जीते।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल की पीप साइट व ओपन साइट स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और प्रशिक्षकों के समर्पण को दिया। उन्होंने शूटिंग कोच जॉनी चौधरी के मार्गदर्शन की सराहना की। विद्यालय प्रबंध समिति ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।