यूपी के बागपत जिले में पुलिस प्रशासन ने बकरीद पर्व को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में 140 स्थलों पर नमाज अदा कराई जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। खुले में कुर्बानी नहीं दी जाएगी।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि 12 अगस्त को बकरीद मनाई जाएगी। त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मस्जिदों और ईदगाहों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जिले में 140 ईदगाहों और मस्जिदों पर ईद की नमाज अदा कराई जाएगी। जनपद में 42 संवेदनशील स्थल है। यहां पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस के साथ-साथ वालंटियर को भी ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगी। उन्होंने कहा कि खुले में कुर्बानी नहीं करने दी जाएगी। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर रहेगी। यदि किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने सभी सीओ व थाना प्रभारियों को शांति समिति की बैठकें बुलाने के निर्देश दिए।
गोवंशीय पशु और ऊंट का नहीं होगा कटान
एसपी ने बताया कि बकरीद पर गोवंशीय पशु व ऊंटों का कटान नहीं होने दिया जाएगा। यदि कोई कटान करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भैंसे की कुर्बानी के लिए भी अलग से परमिशन लेनी होगी। बिना परमिशन के कोई भैंसा काटता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
नमाज के दौरान किया जाएगा रूट डायवर्ट
बड़ौत में छपरौली रोड स्थित ईदगाह पर नमाज के दौरान दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, बड़ौत-छपरौली मार्ग पर रूट डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा फूंस वाली मस्जिद पर भी नमाज के दौरान मार्ग बंद रहेगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/