मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर बिफरे कार्यकर्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। दूसरे समुदाय के युवकों द्वारा दो दिन पहले बजरंग दल कार्यकर्ता के साथ की गई मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर कार्यकर्ता जुलूस के रूप में थाने पहुंचे और सीओ से मिले। सीओ ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद कार्यकर्ता शांत हुए।
मोहल्ला हीरालाल निवासी हिमांशु बजरंग दल कार्यकर्ता है। उसने मवाना थाने में दी तहरीर में बताया था कि 23 अक्तूबर को मोहल्ले के ही शादाब, सलमान और अजीम घर के बाहर खड़े होकर गाली गलौज कर रहे थे। मना किया तो आरोपी धमकी देकर चले गए। 24 अक्तूबर की शाम वह घर से 20 हजार रुपये लेकर फर्नीचर वाले को देने जा रहा था। रास्ते में तीनों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट कर दी। इसमें उसका मोबाइल भी गिरकर टूट गया और 20 हजार रुपये भी गायब हो गए। पुलिस ने एक घंटा उसे थाने में बैठाकर पुलिस चौकी पर भेज दिया। पुलिस ने कोई कार्रवाई आरोपियों के खिलाफ नहीं की।
रविवार को बजरंग दल के विभाग महामंत्री गौरव गर्ग, महानगर महामंत्री अपूर्व रस्तोगी, तरुण कंसल, सचिन गुप्ता, अंकुर रस्तोगी, वंश सैनी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर हंगामा किया। सीओ पंकज लवानिया थाने पहुंचे और वार्ता कर कार्यकर्ताओं को शांत किया। उन्होंने तुरंत रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ के आदेश पर पुलिस ने तीनों आरोपियों शादाब, सलमान और अजीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।