शहर के युवाओं को आम बजट ने खुशी और उदासी दोनों दी है। उच्च शिक्षा, तकनीकि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने आम बजट में 18 नए आईआईटी, एनआईटी खुलने की बात से युवाओं को राहत दी है। तो स्कूलों की फीस बढ़ोत्तरी में सरकार की चुप्पी युवाओं को काफी खल रही है। 70 लाख से अधिक नौकरियां अगर मिलती हैं तो बेरोजगारों की एक बड़ी फौज खत्म होगी। गरीब तबके के छात्रों को 2020 तक 50 लाख युवाओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिलना भी अच्छी पहल है। हर जिले में अगर स्किल सेंटर खोला गया तो इससे युवाओं में स्वरोजगार का कौशल बढ़ेगा। स्टार्टअप के नए रास्ते खुलेंगे। सरकार ने जो कारपोरेट टैक्स घटाने की बात कही है उसका लाभ भी सीधे युवाओं को मिलेगा। प्रधानमंत्री रिसर्च फैलो स्कीम भी अच्छी पहल होगी।
तकनीकि कौशल में आएगी वृद्धि
सरकार ने बजट में हर जिले में स्किल डेवलेपमेंट सेंटर खोलने की बात कही है, इससे युवाओं में तकनीकि कौशल बढ़ेगा। हम अपने देश में ही अच्छे इंजीनियर बना पाएंगे। महज बड़े इंजीनियर नहीं बल्कि छोटे स्तर पर जो तकनीकि कौशल समाज को चाहिए उसका लाभ भी मिलेगा। गौरव शर्मा
छात्रवृत्ति योजनाओं से हर वर्ग को लाभ
सरकार ने प्रधानमंत्री रिसर्च फैलो स्कीम लागू करने की जो बात कही है, साथ ही नई स्कॉलरशिप देने का जो ऐलान किया है उससे समाज का निचला तबका लाभांवित होगा। जो युवा महंगी फीस के कारण पढ़ाई से वंचित रह जाते हैं उन्हें इसका लाभ मिलेगा। हर वर्ग शिक्षा से जुड़ पाएगा। स्वाति सचदेवा