- बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दिए निलंबन के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना (मेरठ)। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने गांव बहादरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज अध्यापिका कुमुद गौतम को विद्यालय में बरती गई अनियमितताओं में प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उच्च प्राथमिक विद्यालय सरधना से संबद्ध किया है। इस मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी दौराला को सौंपी गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी ने बताया कि शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी से गांव बहादरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज अध्यापिका कुमुद गौतम के बैग से 3700 रुपये 6 अप्रैल को गायब होने पर स्कूल के सभी बच्चों के बैग की तलाशी ली गई। बैगों को घर नहीं ले जाने दिया गया। 7 अप्रैल को बैगों की तलाशी के बाद ही उनको वापस किया। इंचार्ज अध्यापिका द्वारा पूछताछ के दौरान छात्रों के साथ मारपीट की गई। विद्यालय में लगे कैमरे काफी समय से निष्क्रिय हैं और पूर्व प्रधान द्वारा लगाए गए खेल के सामान झूला, स्लाइड आदि गायब हो चुके हैं। प्रांगण में कराए गए सौंदर्यीकरण की भी देखभाल नहीं की गई।
शिकायतकर्ता द्वारा की गई शिकायत की जांच में इंचार्ज अध्यापिका ने बैगों की तलाशी के बाद देने की बात स्वीकार की। वहीं बताया कि पांच बच्चों से पूछताछ की गई। डांटने व मारने की बात को भी इंचार्ज अध्यापिका ने स्वीकार किया। ग्रामीणों ने इंचार्ज अध्यापिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जांच में अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। खंड शिक्षा अधिकारी की जांच आख्या पर इंचार्ज अध्यापिका को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।