उत्तर प्रदेश के बागपत में कोहरे के कारण दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पाली गांव के निकट रोडवेज बस के ब्रेक लगाने के बाद दस वाहन भिड़ गए। हादसे में 15 वाहन सवार घायल हुए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची घायलों को खेकड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया ।
हादसा शनिवार सुबह करीब सात बजे हुआ। घने कोहरे के दौरान बड़ौत से दिल्ली जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस के चालक ने पाली गांव के निकट ब्रेक मार दिया। बस के पीछे चल रहे वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। शामली के इरशाद ने बताया कि लगभग दस वाहन आपस में टकराए हैं।
अलग-अलग वाहनों में सवार 15 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को खेकड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। दस से अधिक लोगों को मामूली चोटें लगी हैं। हादसे के कारण आधे घंटे के लिए दिल्ली-सहारनपुर हाईवे की एक लेन बाधित रही, वाहनों को दूसरी लेन से डायवर्ट किया गया। बता दें कि घने कोहरे के कारण जिले में आए दिन हादसों की संख्या बढ़ रही है।