यूपी के बागपत में नमस्ते नहीं करने पर तीन-चार लोगों ने सरेआम दो युवकों को पीटा। इतना ही नहीं, जब पीड़ित थाने पर शिकायत करने के लिए जाने लगे तो उन्हें हथियार दिखाकर आतंकित किया। आरोपियों के डर के कारण चार दिन तक पीड़ित घर से नहीं निकले। बुधवार की सुबह किसी तरह पीड़ितों ने थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों घायल युवकों का मेडिकल कराया। इस मामले में तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के कैडवा गांव निवासी नितिन पुत्र राज कुमार ने बताया कि 22 सितंबर को वह अपने दोस्त प्रवीन और गौरव के साथ गांव में घूमने के लिए गया। रास्ते में उन्हें गांव के ही तीन-चार लोग मिले। नितिन और प्रवीन ने उन्हें नमस्ते किया, लेकिन गौरव ने उन्हें नमस्ते नहीं किया। इसे लेकर उन्होंने गौरव को रोका और उसकी पिटाई शुरू कर दी। जब नितिन ने पिटाई का कारण पूछताछ तो उस पर हमला बोला। दोनों युवकों को सरेआम बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा। इससे ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने भी युवकों को छुड़ाने की हिम्मत नहीं की। आरोपी दोनों को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घायल युवकों ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पीड़ित जब थाने पर शिकायत करने के लिए जाने लगे तो आरोपियों ने उन्हें हथियार दिखाकर आतंकित किया। पीड़ित डर के कारण वापस घर चले गए। चार दिन तक आरोपियों के डर से वे अपने घर से नहीं निकले।