यूपी में बागपत जिले के बड़ौत में सिंडिकेट बैंक की बावली शाखा के कैशियर ने शाखा प्रबंधक को केबिन में बंधक बनाकर मारपीट की। इस दौरान गार्ड सहित अन्य कर्मचारियों ने शाखा प्रबंधक को बामुश्किल बचाया। शाखा प्रबंधक ने आरोपी बैंक कैशियर के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
सिंडिकेट की बावली शाखा में कैशियर कुलदीप ने अपने वेतन के अनुरूप 56 हजार रुपये का ऋण लिया था। यह ऋण उन्हें अपने वेतन से किश्तों में चुकाना था, लेकिन उन्होंने कोई किश्त जमा नहीं की। जब रिजनल ऑफिसर से बैंक मैनेजर मनमोहन को पत्र मिला तो उन्होंने कहा कैशियर के वेतन से ऋण की राशि काट ली जाए। जब कैशियर का वेतन आया तो शाखा प्रबंधक ने यह कहते हुए वेतन रोक दिया कि पहले ऋण की किश्त जमा कराओ। इस पर दोनों में बहस होने लगी। कैशियर ने गाली गलौच कर शाखा प्रबंधक के केबिन को अंदर से बंद कर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे बैंक परिसर में अफरा तफरी मच गई।