यूपी में बिजनौर जनपद के रेहड़ थाना क्षेत्र में अमानगढ़ वन रेंज से सटे गांव मलौनी में हाथी का शव मिला है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। वन अधिकारियों का कहना है कि बरेली से टीम के पहुंचने पर हाथी पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं फसलों की बर्बादी से आक्रोशित किसानों ने वन विभाग अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। वन विभाग ने हाथी की हत्या का शक जताया है।
बुधवार को वन विभाग की टीम को अमानगढ़ वन रेंज और कार्बेट नेशनल पार्क के बॉर्डर पर मलौनी गांव में चंद्रमोहन के खेत में हाथी का शव मिलने की सूचना मिली। वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। वन दारोगा जयपाल सिंह का कहना है कि मृत नर हाथी है, जिसकी आयु लगभग 45 वर्ष है। हाथी के दोनों दांत सुरक्षित हैं। हाथी के शरीर कई जगह चोट के निशान हैं। आशंका है कि किसी ने हाथ को जान से मारने की फिराक में हमला किया है। जिससे उसकी मौत हो गई है।