परीक्षितगढ़। नगर स्थित एक मंडप में शादी समारोह के दौरान बदमाश दूल्हे के पिता से बैग छीनकर उसमें रखे 3.40 लाख रुपये लूटकर फरार हो गया। इसकी जानकारी होने पर समारोह में खलबली मच गई। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने बदमाश की तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लग सका। पुलिस मंडप के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देख बदमाश की पहचान करने में जुटी है। रात में ही पीड़ित ने घटना की तहरीर दी।
ग्राम नारंगपुर निवासी चतर सिंह के पुत्र नरेश की शादी ग्राम गांवड़ा निवासी राजपाल की पुत्र रूबी से तय हुई थी। नरेश की शादी बुधवार को नगर के शिव धाम मंडप में हुई। इस दौरान देर रात्रि करीब एक बजे दूल्हे के पिता चतर सिंह एवं गांव के छतरपाल, धर्मवीर मंडप के एक कमरे में बैठे हुए थे। इसी दौरान एक युवक कमरे में पहुंचा तथा दूल्हे के पिता से लड़की पक्ष के लोगों को बुलाने के लिए कहा। इस पर चतर सिंह 3.40 लाख रुपये से भरा बैग लेकर उक्त युवक के साथ चल दिया। चतर सिंह मंडप की गैलरी के समीप पहुंचा, तभी युवक ने हमला कर दबोच लिया और बैग को लूटकर मंडप के बाहर खड़े अपने साथी की बाइक पर बैठकर परीक्षितगढ़ की ओर फरार हो गया। चतर सिंह द्वारा शोर मचाने पर मंडप में मौजूद लोग उस तरफ दौडे़। चतर सिंह ने बरातियों को लूट होने की जानकारी दी। पुलिस भी मंडप पहुंची तथा पीड़ित से पूछताछ कर आसपास मार्गों पर बदमाशों की तलाश परंतु सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ तहरीर दी। वहीं, पुलिस मंडप के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।