- जिला बैडमिंटन संघ की ओर से शुरू कराई गई प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ। जिला बैडमिंटन संघ की ओर से बृहस्पतिवार से मोदीपुरम स्थित विहान प्लेफिट में जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के कुलपति सेवानिवृत्त मेजर जनरल दीप अहलावत ने किया। प्रतियोगिता में जिले से अंडर-9, अंडर-11, अंडर-14, अंडर-16 सहित अन्य वर्ग में काफी संख्या में खिलाड़ी पहुंचे।
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-9, अंडर-11 एवं अंडर-13 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। इसमें अंडर-11 बालिका वर्ग में डबल्स में हैंसी और आराध्या भड़ाना ने पहला स्थान प्राप्त किया। मिताक्षरा और अनायशा दूसरे स्थान पर रहीं। अंडर-13 बालिका वर्ग में अन्वी और मिताक्षी ने पहला व आराध्या और प्रिया ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके बाद देर शाम तक मुकाबले जारी रहे। इसमें काफी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया।
आयोजन सचिव विशेष काकरान ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। मेरठ और आसपास की विभिन्न बैडमिंटन एकेडमियों से आए खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ सहभागिता की। इस मौके पर खेल विश्वविद्यालय के कुलपति सेवानिवृत्त मेजर जनरल दीप अहलावत ने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं प्रदेश और देश को नई खेल प्रतिभाएं प्रदान करने का सशक्त माध्यम हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से भी खेलों और खिलाड़ियों को विशेष महत्व दिया जा रहा है। खेल विश्वविद्यालय में भी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं पदक विजेताओं को निशुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। इस मौके पर संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार, कोषाध्यक्ष रविंद्र गुप्ता, सचिव राजेश चौधरी, अंतरराष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी फ़ातिमा सहित अन्य मौजूद रहे।