संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जिला बैडमिंटन संघ की ओर से स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारी शुरू कर दी गई है। संघ की ओर से सितंबर के पहले सप्ताह में स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश के सभी जिलों से 500 से अधिक बैडमिंटन खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इसे लेकर एसोसिएशन की ओर से सभी खिलाड़ियों को सूचना भी भेजी जा रही है। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों वर्ग में खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतिदिन 10 कोर्ट पर मैच होंगे। मोदीपुरम स्थित विहान प्लेफिट और एक अन्य स्थान पर स्थित कोर्ट में मैच होंगे। खिलाड़ियों के रहने खाने आदि की व्यवस्था वहीं कराई जाएगी। प्रतियोगिता में विजेता को नकद धनराशि भी दी जाएगी। संवाद
बॉक्सिंग प्रतियोगिता की तिथि में हुआ बदलाव
मेरठ। प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका प्रतियोगिता की तिथि में खेल विभाग की ओर से बदलाव किया गया है। उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के तकनीकी निदेशक रोबिन सिंह ने बताया कि पहले यह प्रतियोगिता 15 से 18 जुलाई को वाराणसी में होनी थी। अब यह प्रतियोगिता 1 से 4 अगस्त को होगी। प्रतियोगिता वाराणसी में ही होगी। इस संबंध में सभी खिलाड़ियों और मंडल के सभी कार्यालयों में जानकारी दे दी गई है।