उत्तर प्रदेश के बागपत में बदमाश दिनदहाड़े पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। जिले के ककड़ीपुर चैकपोस्ट के निकट शनिवार दोपहर बदमाशों ने बड़ी लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने तंमचे के बल पर एक दंपती से साढ़े छह रुपये नगद, मोबाइल व सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की काफी तलाश की लेकिन वे हाथ नहीं लग सके।
पुलिस के अनुसार मुजफ्फरनगर के तावली ग्राम निवासी फारुख की जिले के आसरा गांव में ससुराल है। शनिवार दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे वह अपनी पत्नी शाहिना को बाइक पर लेकर ससुराल से ककड़ीपुर जाने वाले रास्ते से शामली जाने के लिए निकला था।
यहां ईख के खेत से निकले चार बदमाशों ने दंपती का रोक लिया और तंमचे के बल पर आतंकित करते हुए साढ़े छह लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देते इसके अलावा दंपती का मोबाइल व सोने की चैन भी लूट ली। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए।
पीड़ित दंपती ने पुलिस चौकी पहुंचकर वारदात की सूचना दी। जिस पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं दिनदहाड़े बड़ी लूट से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एएसपी अनिल कुमार सिसौदिया मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस की टीम ने बदमाशों की काफी तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस के अनुसार दंपती ने पूछताछ में बताया कि वे शामली में एक प्लॉट के बैनामे के लिए ये रकम लेकर जा रहे थे।