इंस्पेक्टर की बेटी को ससुराल वालों ने पीटा
हाथरस जिले के एक पूर्व ब्लाक प्रमुख परिवार में ब्याही युवती व उसके भाई को रविवार दोपहर ससुराल वालों ने पीट दिया। इस दौरान हंगामे की खबर पर क्वार्सी पुलिस भी पहुंच गई और दोनों पक्षों को थाने गई। एक पक्ष की ओर से सियासी सिफारिशें भी आती रहीं।
मेरठ क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह मथुरा के निवासी हैं। उन्होंने अपनी बेटी हितेश की शादी 10 फरवरी 2019 को सुरेंद्र नगर निवासी एक पूर्व ब्लाक प्रमुख परिवार के युवक से की। युवक किसी कंपनी में जॉब करता है। युवती का आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा।
लगातार ससुराल में उसका उत्पीड़न किया गया। पति ने उसे मथुरा छोड़ दिया था। बाद में पता चला कि पति नशे का आदी है। रविवार को वह अपने भाई संग ससुराल पहुंची तो उसे दरवाजे पर ही ससुरालियों ने पीटा। हंगामे की खबर पर पुलिस पहुंच गई।इंस्पेक्टर क्वार्सी छोटेलाल के अनुसार, युवती से तहरीर मिल गई है, जिस पर कार्रवाई की जा रही है।