पश्चिमी उत्तरप्रदेश में जहां पुलिस शातिर अपराधियों का लगातार खात्मा करने में जुटी है वहीं बदमाशों के हौसले उतने ही बुलंद हो रहे हैं। सोमवार को मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली क्षेत्र में बदमाशों ने दिनदहाड़े पेट्रोल पंप के सहायक मैनेजर से 65 हजार रुपये लूट लिए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार खतौली क्षेत्र में सोमवार को बदमाशों ने बड़ी लूट को अंजाम दिया। यहां खतौली स्थित स्टेट बैंक में रुपये जमा कराने पहुंचे मानसरोवर पेट्रोल पंप के सहायक मैनेजर देवेंद्र से दो बाइक सवार बदमाशों ने 65 हजार रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। वारदात को अंजाम देकर बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की।
पुलिस के अनुसार बदमाशों की काफी तलाश की गई लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।