मेरठ। 2.50 लाख के इनामी मोस्ट वांटेड बदन सिंह बद्दो की फेसबुक पोस्ट के मामले में पुलिस और एजेंसी मान रही हैं कि नीदरलैंड से लोकेशन दर्शाने के लिए फर्जी एप का सहारा लिया गया। बद्दो की फरारी के मामले में जो जेल गए थे उन लोगों की भी पुलिस और एसटीएफ गोपनीय जांच कर रही है। वहीं, बद्दो की फरारी में शामिल बताए गए उसे बेटे सिकंदर पर एक लाख इनाम करने की तैयारी है।
कुख्यात बद्दो 28 मार्च 2019 को मेरठ से पुलिस कस्टडी से फरार हुआ था। फरारी के बाद से उसका कोई सुराग नहीं लगा। लंबे समय के बाद 4 फरवरी को बद्दो की फेसबुक आईडी से पोस्ट डाली गई थी। उसकी लोकेशन नीदरलैंड की बताई गई। लेकिन पुलिस अधिकारी मान रहे हैं कि गुमराह करने के लिए फर्जी लोकेशन डाली गई है। पुलिस ने फेसबुक मुख्यालय कैलिफोर्निया से रिपोर्ट मांगी है, जो सोमवार को मिल सकती है। पुलिस अंदेशा जता रही है कि बद्दो भारत या नेपाल में छिपा हो सकता है। एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि सोमवार को फेसबुक मुख्यालय से रिपोर्ट आ सकती है। बद्दो के बेटे सिकंदर पर अभी तक 50 हजार का इनाम घोषित है, जो बढ़ाकर एक लाख करने की संस्तुति भेजी जा रही है।