मेरठ में हत्या के मामले में बदन सिंह ‘बद्दो’ को उम्रकैद की सजा हुई तो जिंदगी जेल की सलाखों के बीच जा पहुंची। दरअसल बद्दो की लाइफ स्टाइल भी कुछ ऐसी रही, जो मेरठ ही नहीं बल्कि आसपास के बड़े लोगों में भी चर्चाओं में रही थी।
फेसबुक पर बदन सिंह की बदन संधू के नाम से आईडी बनी हुई है। जिसके फोटो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बद्दो की जिंदगी की लाइफ स्टाइल दूसरे लोगों से कितनी अलग है। कुछ फोटो पहले ऐसे थे जो हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर थे। लेकिन उन्हें कुछ दिन पहले ही आईडी से हटा दिया गया। फाइव स्टार होटल से लेकर धार्मिक स्थल और समुद्र तट तक के फोटो भी हैं।
चर्चित रही पोस्ट
बीती 13 अक्तूबर को बदन संधू ने फेसबुक पर एक चर्चित पोस्ट डाली थी। जिसमें अंदाज ऐसा था कि ‘जब गिला शिकवा अपनों से हो तो खामोशी ही भली, अब हर बात पर जंग हो यह जरूरी तो नहीं’ यह शब्द अपने आप में बताने को काफी हैं। विदेशी असलहे के कई फोटो भी फेसबुक पर हैं।
अरे बद्दो तुम!
पांच साल पहले बदन सिंह को एक मामले में जब लालकुर्ती थाने में गिरफ्तार करके लाया गया था तो थानेदार से लेकर पुलिस के उच्च अधिकारी भी बद्दो को देखकर हैरत में रह गये थे। शहर के कई नामचीन व्यापारियों और कारोबारियों से नजदीकी रहीं। कारोबारी देर रात तक लालकुर्ती थाने में डेरा डाले रहे थे। अगले दिन कचहरी में पेशी के दौरान भी कारोबारी साथ नजर आये। उस समय बद्दो ने पुलिस के एक उच्च अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाकर जान का खतरा भी जताया था। यह पुलिस अधिकारी बसपा सरकार में प्रदेश में बड़े पद पर रहे चुके हैं।