15 अप्रैल को होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए सीसीएसयू ने पूरी तैयारी कर ली है। मेरठ के केंद्रों पर परीक्षा के सफल संचालन हेतु परीक्षा केंद्राध्यक्षों एवं परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए पर्यवेक्षकों के लिए कैंपस के बृहस्पति भवन में 13 अप्रैल की सुबह 11 बजे बैठक बुलाई गई है। बैठक में प्रवेश परीक्षा को लेकर जरूरी दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2019-21 का आयोजन इस बार महात्मा ज्योतिबाफुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली द्वारा 15 अप्रैल को दो पालियों में सुबह नौ बजे से 12 बजे और शाम को दो बजे से पांच बजे तक किया जा रहा है। सीसीएसयू के क्षेत्र में इस बार मेरठ और गाजियाबाद जिले को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। मेरठ में 98 केंद्रों पर 49 हजार और गाजियाबाद में 52 केंद्रों पर 25 हजार छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। छात्र-छात्राओं को प्रवेश परीक्षा संबंधी जरूरी निर्देश ज्योतिबाफुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। छात्र-छात्राओं को एडमिट कार्ड की दो प्रतिलिपि के साथ ही अपने दो फोटो और एक आईडीप्रूफ लाना होगा। किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस साथ नहीं ले जा सकते हैं। बीएड प्रवेश परीक्षा के समन्वयक सीसीएसयू के प्रो. पीके मिश्रा ने बताया कि सभी 98 केंद्रों के पर्यवेक्षक तय किए जा चुके हैं। सभी छात्र-छात्राओं को परीक्षा से आधा घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा।
इस बार बीएड की प्रवेश परीक्षा सोमवार को है। चुनाव के बाद कई दिन बंद ऑफिस भी सोमवार को खुलेंगे। मेरठ में सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के भी छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। ऐसे में महिला अभ्यर्थियों के साथ बड़ी संख्या में उनके अभिभावक भी आएंगे। इससे शहर में जाम की भी स्थिति रहेगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/