सरधना (मेरठ)। झिटकरी गांव के स्केटिंग खिलाड़ी आयुष सिरोही ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का टिकट हासिल कर लिया है। गौतमबुद्धनगर में हुए इंडिया टीम ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन के बाद आयुष का चयन भारतीय टीम में हुआ है। वह दक्षिण अमेरिका में होने वाले वर्ल्ड गेम्स में तीन अलग-अलग स्पीड स्पर्धाओं में भारत की ओर से मैदान में उतरेंगे। खास बात यह है कि इन तीन स्पीड इवेंट में एक साथ भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले वह पहले भारतीय खिलाड़ी होंगे।
29 अगस्त से दो सितंबर तक गौतमबुद्धनगर के सेक्टर-46 स्थित देवा सोम ट्रैक पर इंडिया टीम ट्रायल आयोजित किए गए। झिटकरी निवासी आयुष ने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपनी दावेदारी मजबूत की। इसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय टीम के लिए किया गया। आयुष के पिता रोहित ने बताया कि वर्ल्ड गेम्स में आयुष 200 मीटर ड्यूल टाइम ट्रायल, 100 मीटर रोड और रोड वन लैप स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।
तीनों स्पीड स्पर्धाओं में चयन के साथ उन्होंने भारतीय स्केटिंग में एक अलग उपलब्धि हासिल की है। वर्तमान में आयुष भारतीय टीम के विशेष प्रशिक्षण शिविर में कोच देव कौशिक के निर्देशन में अभ्यास कर रहे हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वह वर्ल्ड गेम्स में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अमेरिका रवाना होंगे। पिता रोहित ने बताया कि देश के लिए खेलना और भारतीय जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराना आयुष का सपना रहा है। राष्ट्रीय टीम में चयन से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।