मााई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कलेक्ट्रेट परिसर से टीका मित्र वैन को जिला अधिकारी डॉक्टर विजय कुमार सिंह ने शनिवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को टीकाकरण के महत्व और आवश्यकता के प्रति जागरूक करेगी। इस वैन के माध्यम से संदेश दिया जाएगा कि बीमारियों पर वार का सबसे प्रभावी माध्यम टीकाकरण है। पांच वर्ष की आयु तक सात बार टीकाकरण अनिवार्य है। एक भी टीका छूटने पर बच्चों को गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है। यह वैन डिप्थीरिया, टेटनस, काली खांसी, पोलियो, टीबी, खसरा, रूबेला, निमोनिया और गला घोंटू सहित 11 जानलेवा बीमारियों से बच्चों को बचाने के लिए समयबद्ध टीकाकरण का संदेश देगी। वैन पर टीकाकरण का आयु अनुसार कैलेंडर भी प्रदर्शित किया गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने पांच वर्ष तक के बच्चों का नियमित और पूर्ण टीकाकरण कराने की अपील की, ताकि उन्हें गंभीर और जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।