मेरठ। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की मेरठ शाखा द्वारा शुक्रवार को यूनिवर्सिटी रोड स्थित मदन मोहन विद्या मंदिर में विद्यार्थियों के बीच श्रेष्ठ संस्कार एवं देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से एक कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यक्रम संस्थान के नशा उन्मूलन प्रकल्प बोध के अंतर्गत संचालित किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से होने वाले मानसिक एवं वैचारिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। साध्वी आर्या भारती ने कहा कि भारत की पहचान उसकी संस्कृति है और संस्थान इस प्रकार की कार्यशालाओं के माध्यम से युवा पीढ़ी में भारतीय संस्कारों को स्थापित करने का कार्य कर रहा है। विद्यालय की प्रधानाचार्या शर्मिष्ठा भाटी एवं स्टाफ ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराने की इच्छा जताई।