मेरठ। छावनी स्थित आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज में चल रही अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता की वन-स्टार इंट्रो, टू-स्टार लॉन्ग और थ्री-स्टार शॉर्ट स्पर्धाओं में अलग-अलग विजेता बने। विजेताओं को एडिशनल जीएमजी मेजर जनरल विक्रम शर्मा, डॉ. संजय गुप्ता, आरवीसी सेंटर के कमांडेंट मेजर जनरल लक्ष्मीकांत मदेवार ने विजेताओं को सम्मानित किया।
वन-स्टार इंट्रो इवेंटिंग क्रॉस-कंट्री स्पर्धा में आरटीएस एंडडी सहारनपुर के घुड़सवार अवधेश कुमार अपने घोड़े पृथ्वी के साथ सबसे कम 38.4 पैनल्टी लेकर विजेता बने। एएससी टीम के घुड़सवार जितेंद्र मुंदर ने घोड़े रामू के साथ 39.6 पैनल्टी के साथ दूसरा, आरवीसी सेंटर के घुड़सवार राजकुमार ने घोड़े विराज के साथ 42.5 पैनल्टी लेकर तीसरा और आरवीसी सेंटर के घुड़सवार अंकुश कुमार ने घोड़े गोल्डन ग्लोरी के साथ 45 पैनल्टी लेकर चौथा स्थान प्राप्त किया।
टू-स्टार लॉन्ग शॉ-जंपिंग स्पर्धा में 61 कैवलरी के घुड़सवार अहान कुमार अपने घोड़े अंगद के साथ 39.7 पैनल्टी लेकर विजेता बने जबकि सिविलियन टीम के घुड़सवार अर्जन सिंह नागरा ने घोड़े बेंजी आर. के साथ 40.2 पैनल्टी लेकर दूसरा, आरवीसी सेंटर के घुड़सवार राजकुमार के घोड़े पिसोइलिबो वोरी के साथ 41.6 पैनल्टी के साथ तीसरा और सिविलियन टीम के घुड़सवार विजय एस. ने घोड़े एसजीएच जैकपॉट के साथ 44.1 पैनल्टी लेकर चौथा स्थान प्राप्त किया।
थ्री-स्टार शॉर्ट क्रॉस कंट्री स्पर्धा में आरवीसी सेंटर के घुड़सवार राकेश कुमार अपने घोड़े पृथ्वी के साथ 32.8 पैनल्टी लेकर विजेता बने। सिविलियन के घुड़सवार राजू सिंह ने घोड़े मविलान के साथ 35.7 पैनल्टी लेकर दूसरा, आरवीसी सेंटर के घुड़सवार नीलकमल ने घोड़े रॉक के साथ 35.7 पैनल्टी के साथ तीसरा और आरवीसी सेंटर के घुड़सवार प्रदीप कुमार ने घोड़े परिंदा के साथ 37.3 पैनल्टी लेकर चौथा स्थान पाया।
अमर उजाला...आरवीसी में आयोजित घुड़सवारी प्रतियोगिता के क्रास कंट्री में भाग लेते घुड़सवार।
अमर उजाला...आरवीसी में आयोजित घुड़सवारी प्रतियोगिता के क्रास कंट्री में भाग लेते घुड़सवार।