मेरठ में बागपत रोड पर ट्रक मे घुसा थ्री-व्हीलर।
ट्रक से टकराकर दो हिस्सों में बंटा ऑटो
मेरठ। बागपत रोड पर रविवार रात ट्रक से टकराकर एक ऑटो दो हिस्सों में बंट गया। एक हिस्सा चालक समेत ट्रक के नीचे जा घुसा। करीब डेढ़ घंटा तक चालक ट्रक के नीचे ही फंसा रहा। गनीमत रही कि उसके पैरों में ही चोट आई। ऑटो के हिस्से को कटर से काटकर चालक को निकाला जा सका।
घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे की है। टीपीनगर थाना क्षेत्र में बागपत रोड पर सड़क किनारे ट्रक खड़ा था। इस दौरान एक ऑटो काफी तेजी से आ रहा था। ऑटो चला रहा उमेश निवासी मलियाना नियंत्रण खो बैठा। इस दौरान ऑटो ट्रक की टंकी से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो दो हिस्सों में बंट गया और ट्रक के नीचे ऑटो चालक के दोनों पैर फंस गए। सूचना पर टीपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद भी जब ट्रक के नीचे से पैर नहीं निकाले जा सके तो ऑटो को कटर से काटा गया। पुलिस का कहना है कि चालक के पैरों में चोट लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि बागपत रोड पर रेत, डस्ट और मिट्टी से भरे ट्रक सड़क किनारे खड़े रहते हैं जिनसे हादसा होता है। रात में कोहरे में सड़क किनारे खड़े ट्रक जानलेवा बन सकते हैं।