मार्केटिंग डायरेक्टर पारस आनंद के साथ शेन वॉटसन
- फोटो : अमर उजाला
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉटसन मंगलवार को मेरठ में थे। जी हां, वॉटसन यहां खास रूप से मेरठ की एसजी कंपनी में विजिट के लिए आए, जो बल्ले बनाने के लिए विश्व प्रसिद्घ है। वॉटसन के मुताबिक वह लंबे समय से एसजी के बल्ले से खेलते रहे हैं। मेरठ में हाथ से बल्ला आखिर कैसे बनाया जाता है वह इसका अनुभव करना चाहते थे और उनकी यही जिज्ञासा उन्हें इस शहर में खींच लाई।
वॉटसन ने एसजी कंपनी पहुंचकर बल्ला बनाए जाने की तकनीक का जायजा लिया और गेंद की सिलाई हाथ से कैसे की जाती है इसे भी उन्होंने देखा। यही नहीं वॉटसन ने कंपनी में न सिर्फ बल्ले बनते हुए देखे, बल्कि कारीगरों से बात की और उनके साथ काफी समय बिताया। दस्ताने, गेंद और दूसरी क्रिकेट एसेसरीज को हाथ से कैसे तैयार किया जाता है यह भी देखा। यहां उन्होंने जाना कि क्रिकेटर के हाथों में पहुंचने से पहले गेंद व बल्ला किन किन प्रक्रियाओं से गुजरता है।
तीन बल्लाें का दिया ऑर्डर
शेन वॉटसन ने आस्ट्रेलिया में होने वाली घरेलू क्रिकेट सीरिज के लिए कंपनी से बल्ला, गेंदें व अन्य एसेसरीज भी खरीदी। जानकारी के अनुसार शेन वॉटसन ने कंपनी को तीन बल्ले बनाने का ऑर्डर दिया है। इनका वजन 1260 से 1270 ग्राम के बीच होगा। शेन ने ऐसे ही बल्ले चुने हैं जिनसे उन्होंने आईपीएल 2018 में दो शतक जड़े थे।
एसजी कंपनी के मार्केटिंग डायरेक्टर पारस आनंद ने बताया कि वॉटसन की लंबे समय से मेरठ आने की इच्छा थी। वह देखना चाहते थे कि यहां मशीन के बिना कारीगर हाथ से इतना मजबूत और परफेक्ट बल्ला कैसे बनाते हैं, और इतनी शानदार गेंदें कैसे तैयार करते हैं। उन्होंने फैक्ट्री में हाथ से बल्ले की छिलाई होते देखी, बैट में मुठिया कैसे लगाई जाती है बल्ले में रबर कैसे डालते हैं इस सब की भी जानकारी ली।
शेन वॉटसन ने भारतीय क्रिकेट के बारे में कहा कि आईपीएल ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय क्रिकेट का कद बढ़ाया है। आईपीएल के कारण ही भारतीय क्रिकेट की अंतराष्ट्रीय स्तर पर परफार्मेंस सुधरी है। इंडियन क्रिकेट को आईपीएल ने नया एक्सपोजर दिया है। आईपीएल में इंटरनेशनल स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने के कारण भारतीय क्रिकेट टीम आज नंबर वन पर पहुंच गई हैं। उन्होंने विराट कोहली को आधुनिक क्रिकेट का बादशाह बताया।
वॉटसन के अनुसार आज आईपीएल क्रिकेट जगत में इस स्तर पर पहुंच चुका है जहां सारी दुनिया की निगाहें टिकती हैं। केवल क्रिकेट जगत नहीं बल्कि पूरी दुनिया आईपीएल को देखती है। इसी तर्ज पर इंग्लैंड में भी लीग शुरू होने की तैयारी है। पहल बार मेरठ आया हूं। वॉटसन ने कहा आईपीएल शुरू होने से पहले दोबारा मेरठ आएंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/