मुंडाली (मेरठ)। रुपयों के लालच में मौसी अपनी ही भांजी की शादी जबरन एक युवक से करा रही थी। भांजी को बहला फुसलाकर वह अपने साथ ले गई। पीड़ित युवती ने यह बयान न्यायालय में न्यायाधीश के सामने दिए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी मौसी व युवक को गिरफ्तार करते हुए कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 19 वर्षीय बेटी को उसकी मौसी मुकेश देवी बहला फुसलाकर अपने साथ ले गई थी और बेटी की पहचान संजीव नामक युवक से कराई थी। तब से बेटी लापता है। आरोप था कि उसकी बेटी की शादी कराने के लिए उसका अपहरण किया गया है। बेटी को संजीव नामक युवक को डेढ़ लाख रुपये में बेचने का भी आरोप लगाया था। पुलिस ने उसकी बेटी को तलाश करने के साथ ही उसकी मौसी मुकेश व संजीव को हिरासत में ले लिया था।
मुंडाली थाना प्रभारी दिव्य प्रताप सिंह ने बताया कि युवती के 164 के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए। युवती ने अपनी मौसी मुकेश पर बहका फुसलाकर ले जाने और आरोपी संजीव के साथ जबरन शादी करने की बात कही। कितने रुपये में उसे बेचा गया, इसका उसे पता नहीं है। परिजनों का कहना है कि मौसी ने डेढ़ लाख रुपये में सौदा किया और 70 हजार रुपये नकद लिए। शेष रुपये बाद में लेने की बात कही थी। आरोपी मौसी मुकेश निवासी कमालपुर बुलंदशहर, आरोपी संजीव निवासी गांव रकराना थाना पिसावा अलीगढ़ के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को संबंधित न्यायालय के सामने पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।