दौराला। जननायक कर्पूरी ठाकुर की स्मृति में शुक्रवार को दौराला में सैन समाज सम्मेलन हुआ। इसमें प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। सरधना विधायक अतुल प्रधान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार पूंजीपतियों की आवाज सुन रही है। गरीब मजदूर और जरूरतमंद वर्ग की समस्याओं की अनदेखी हो रही है। विधायक ने बताया कि सत्ता का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति को अधिकार और सम्मान दिलाना है। अतुल प्रधान ने करीब 150 छात्राओं को साइकिल वितरित कीं।
उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। समाज की तरक्की तभी संभव है जब बेटियों को समान अवसर मिलें। उन्होंने पूर्व विधायक संगीत सोम पर कटाक्ष करते हुए स्कूटी बांटने की चुनौती दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कई वादे किए। कहा कि प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का प्रयास किया जाएगा। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए उनके खातों में सालाना 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस दौरान विजयपाल, बाबर, विपिन, मनोज, राहुल सहित कई लोग मौजूद रहे।
दौराला में सैन समाज के सम्मेलन में बोलते हुए सपा विधायक अतुल प्रधान
दौराला में सैन समाज के सम्मेलन में बोलते हुए सपा विधायक अतुल प्रधान