बिजनौर में कलक्ट्रेट में आत्मदाह करने वाला व्यक्ति अपनी पत्थी के साथ। संवाद
बिजनौर। पुलिस द्वारा सुनवाई न होने से नाराज छितावर निवासी आदेश ने बृहस्पतिवार की दोपहर डीएम ऑफिस के सामने आत्मदाह का प्रयास किया। उसने अपने ऊपर डीजल उड़ेल लिया और माचिस से आग लाने का प्रयास किया। वहां मौजूद सिपाहियों ने उससे माचिस छीन ली और उसकी जान बचाई। बाद में पुलिस उसे थाना कोतवाली शहर ले गई।
बृहस्पतिवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बिजनौर कलेक्ट्रेट में छितावर निवासी 50 वर्षीय आदेश अपनी पत्नी के संग पहुंचा और उसने खुद पर तेल उड़ेल लिया। जैसे ही उसने आग लगाने का प्रयास किया तो वहां पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
पाइप लगाकर उस पर पानी भी छिड़क दिया और डीजल की बोतल और माचिस छीन ली। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पड़ोसियों ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। इसकी पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने इसे आपसी विवाद बताकर टाल दिया। आदेश ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से भी गुहार लगाई।
कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसने यह कदम उठाया। शहर कोतवाली पुलिस आदेश को थाने ले गई है। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएम जसजीत कौर ने कहा कि पीड़ित का प्रार्थना पत्र मिला है। इस संबंध में एसपी से बात की गई और समस्या के समाधान के लिए कहा गया है।