जटौला निवासी सतीश कुमार जिसने तहसील में आत्मदाह का प्रयास किया, बेहोश होने पर सीएचसी में भर्ती
- शिकायत पर साढ़े चार साल में भी कार्रवाई नहीं होने से है नाराज
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना (मेरठ)। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जटौला निवासी सतीश कुमार सोमवार को आत्मदाह के इरादे से बोतल में ज्वलनशील पदार्थ लेकर तहसीलदार के कार्यालय में पहुंचा। तेल अपने ऊपर डालने से पहले ही तहसीलदार ने बोतल अपने कब्जे में ले ली। तबीयत बिगड़ने पर उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि साढ़े चार साल से तहसील अधिकारी उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
सतीश कुमार ने बताया कि गांव में स्थित जोहड़ की भूमि पर 12 लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर रखा है। इस संबंध में वह बीते साढ़े चार साल से लगातार शिकायत करता आ रहा है। आदेश होने के बावजूद तहसील अधिकारियों द्वारा कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में बीते सप्ताह एसडीएम सतीश कुमार ने उसे छह दिन बाद आने की बात कही थी। सोमवार को वह फिर से आस लेकर तहसील पहुंचा तो पता चला कि एसडीएम अवकाश पर हैं।
इसके बाद वह तहसीलदार निरंकार सिंह के पास पहुंचा और शिकायत पत्र दिया। सतीश ने कहा कि उसको आज ही कार्रवाई चाहिए। इसी दौरान उसने जेब से ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल निकालकर मेज पर रख दी और ऊपर डालने के लिए ढक्कन खोलने लगा। तहसीलदार ने फुर्ती दिखाते हुए बोतल को उससे छीन लिया। छीना झपटी के दौरान सतीश की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। उसे तुरंत ही सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पीड़ित ने बताया कि उक्त मामले में न्यायालय द्वारा बेदखली के आदेश किए जा चुके हैं लेकिन तहसील अधिकारी न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं करा रहे हैं।
वर्जन....
पीड़ित सतीश कुमार शिकायत लेकर आया था। उसे कुर्सी पर बैठाया तो वह बेहोश हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। तालाब पर कुछ घर बने हैं, जिसके संबंध में वह शिकायत कर रहा था। तालाब आबादी में दर्ज है। उक्त मामले में बेदखली के आदेश भी हुए हैं। -निरंकार सिंह, तहसीलदार