-परिजनों ने थाने पर तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाइक सवार चार आरोपियों ने दिनदहाड़े तमंचे के बल पर सड़क पार कर घर जा रहे दसवीं के छात्र आरव का अपहरण का प्रयास किया। आरोपियों ने छात्र के कनपटी पर तमंचा लगाकर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाने की कोशिश की। हालांकि छात्र की सूझबूझ और शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए। परिजनों ने थाने पर तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सरधना रोड स्थित आदर्श नगर निवासी वरुण कुमार ने सोमवार को कंकरखेड़ा थाने पर तहरीर दी। बताया कि उनका बेटा आरव सदर के एक निजी स्कूल में दसवीं का छात्र है। सोमवार सुबह वह बस से स्कूल गया था। दोपहर करीब तीन बजे बस से उतरकर सड़क पार कर घर की ओर जा रहा था, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने छात्र को रोककर उसकी कनपटी पर तमंचा तान दिया और जबरन खींचकर बाइक पर बैठाने लगे। इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज करते हुए छात्र को जान से मारने की धमकी दी। छात्र ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और खुद को छुड़ाकर घर की ओर भाग निकला। आरोपियों ने उसे गोली मारने की धमकी दी, लेकिन आसपास लोगों के इकट्ठा होते ही आरोपी बाईपास की ओर भाग गए।
छात्र ने घर जाकर परिजनों को मामले की जानकारी दी। घटना के बाद परिवार में दहशत की स्थिति पैदा हो गई। पीड़ित पिता ने बेटे की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है की प्रथम जांच में छात्र का साथी छात्र से विवाद आ रहा है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।