-पीड़िता की तहरीर पर पति समेत ससुराल वालों पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र की विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार पति एआई से अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत दहेज उत्पीड़न की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गढ़ रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी विवाहिता ने मंगलवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी शादी 23 अप्रैल 2025 को गढ़मुक्तेश्वर निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था। पति समेत ससुराल वाले 100 गज का प्लॉट और दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना किया जाता था।
पीड़िता ने जेठ पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोप है कि फरवरी 2026 को ससुराल पक्ष ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पति ने चुन्नी से गला दबाकर हत्या का प्रयास किया और बाइक से पेट्रोल निकालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की थी। किसी तरह वह जान बचाकर घर से निकली और पुलिस से शिकायत की थी। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।