संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के गांव गणेशपुर निवासी दीपक पुत्र रामकिशोर ने कुछ लोगों पर उसकी खरीदी गई भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
दीपक के अनुसार 28 मार्च 2023 को गांव के ही एक व्यक्ति से करीब दो बीघा भूमि खरीदी थी। आरोप है कि 29 अप्रैल की शाम गांव के व्यक्ति ने मोबाइल फोन के जरिए उसे धमकी दी कि वह जमीन उसे सौंप दे अन्यथा जबरन कब्जा कर लिया जाएगा और खड़ी फसल को नष्ट कर दिया जाएगा। इस मामले में उसने उसी दिन थाना हस्तिनापुर में शिकायत भी की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित का आरोप है कि उसी रात करीब गांव के दो लोगों ने उसके खेत में खड़ी करीब एक लाख रुपये कीमत की गन्ने की फसल को ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट कर दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने आशंका जताई कि आरोपी उसकी भूमि पर अवैध कब्जा कर उसके और उसके परिवार के साथ गंभीर घटना को अंजाम दे सकते हैं। उसने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।