फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुस्साहस: कमिश्नरी चौक पर छात्रा को दिनदहाड़े अगवा करने का प्रयास

Tue, 21 May 2019 04:27 AM IST
Gaurav sharma न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मोबाइल पर बात करती छात्रा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कमिश्नरी चौराहे पर सोमवार को दिनदहाड़े एक छात्रा के अपहरण के प्रयास की वारदात ने फिर एक बार महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक शोहदे ने छात्रा को कार में खींचने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर लोग दौड़े तो शोहदे ने कार से भागने का प्रयास किया। हड़बड़ाहट में उसने एक स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कचहरी के पश्चिमी गेट पर भीड़ ने उसे दबोचकर पीट दिया। इसी बीच पहुंची यूपी-100 ने आरोपी को हिरासत में लेकर लालकुर्ती थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन


शास्त्रीनगर निवासी एक छात्रा बीबीए की परीक्षा देने के बाद दोपहर करीब तीन बजे कमिश्नरी चौराहे पर खड़ी रो रही थी। कुछ लोगों ने उससे रोने का कारण पूछा तो छात्रा ने शास्त्रीनगर निवासी गोपाल पर परेशान करने का आरोप लगाया। यह भी बताया कि गोपाल उसके साथ पढ़ता है। लोगों की सलाह पर छात्रा ने 100 नंबर पर घटना की जानकारी दे दी। मौके पर पहुंची यूपी-100 मामले की जानकारी लेने के बाद एक ओर खड़ी हो गई।

इसी दौरान सिल्वर रंग की अल्टो कार से गोपाल आया। उसने छात्रा को जबरन गाड़ी में खींचने का प्रयास किया। छात्रा ने शोर मचाया तो वह गाड़ी लेकर भागने लगा। कुछ बाइक सवार भी उसके पीछे दौड़े। भागने के चक्कर में कार सवार युवक ने कचहरी के पश्चिमी गेट के सामने एक स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही लोगों ने उसे पकड़ लिया।
विज्ञापन

शादीशुदा है युवक
पुलिस के अनुसार शास्त्रीनगर निवासी युवक और छात्रा में पहले से जान पहचान है। युवक की शादी होने के कारण छात्रा ने उससे संपर्क खत्म कर दिया। काफी समय से वह छात्रा को फोन करके परेशान कर रहा है। मवाना रोड स्थित कॉलेज से दोनों बीबीए व बीसीए की पढ़ाई कर रहे हैं। दोनों परीक्षा देकर आ रहे थे।

पत्रकारों ने बचाई वारदात
कमिश्नरी चौराहे पर रोज पत्रकारों का जमावड़ा लगा रहता है। सोमवार दोपहर भी कई पत्रकार वहां थे। उन्होंने ही युवती से रोने का कारण पूछा और उसे पुलिस से शिकायत करने की सलाह दी। जब आरोपी ने युवती को कार में खींचने का प्रयास किया तो पत्रकारों ने ही उसे ललकारा। बाद में पत्रकारों ने ही उसे पकड़कर पुलिस को सौंपा।

घर पहुंचकर ली तहरीर
घटना के बाद पुलिस युवक को थाने ले आई। छात्रा भी पीछे-पीछे थाने आ गई। लोगों की भीड़ देखकर वह बिना बताए घर चली गई। इसके बाद पुलिस पीड़ित छात्रा का घर पता कर उसके घर पहुंची। घर पर छात्रा ने युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाकर तहरीर दी। घटना के बाद से युवती के परिजनों में भी गुस्सा दिखा।
विज्ञापन

कार में शराब व बीयर की बोतलें
जिस कार में युवक ने युवती को खींचने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान कार में बीयर की काफी कैन और शराब के कुछ खाली पव्वे भी मिले। पूछताछ में पता चला कि कार युवक की नहीं बल्कि उसके दोस्त की थी। दोस्त के पापा पुलिस में बताए जा रहे हैं। कार पर पुलिस का स्टीकर भी लगा था। कार मालिक थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने कार देने से इंकार कर दिया।

युवती की शिकायत पर आरोपी गोपाल निवासी शास्त्रीनगर पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है। जहां तक गाड़ी से शराब की बोतल मिलने की बात है तो जांच की जा रही है। किसी भी दशा में महिला उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा। -रोजंत त्यागी, इंस्पेक्टर लालकुर्ती
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें