मेरठ। पल्लवपुरम में चेकिंग के दौरान एक दरोगा को कार से कुचलने की कोशिश की गई और फिर फायरिंग की। जिसमें वह बाल-बाल बचे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करके कार को पकड़ लिया और उसमें सवार युवक गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका साथी फरार हो गया।
पल्लवपुरम थाने में तैनात दरोगा विकास चौहान शुक्रवार रात पल्लवपुरम डबल स्टोरी के समीप चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कार सवार युवक वहां पहुंचे। दरोगा ने कार रुकवाने का प्रयास किया तो उन्होंने उन्हें कुचलने की कोशिश की। पुलिस ने कार सवारों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जिसमें दरोगा बाल-बाल बचे। वारदात की जानकारी पाकर पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घेराबंदी करके कार समेत एक आरोपी को दबोच लिया। हालांकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया। एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना कि आरोपी अर्पित गुप्ता निवासी लालकुर्ती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, फरार आरोपी नितिन की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।