मेरठ। लालकुर्ती क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक ने अपनी पत्नी को पहले बंधक बनाकर पीटा। उसके बाद चाकू से हमला कर उसकी जान लेने का प्रयास किया। चीख पुकार मचने पर आसपास की महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर महिला की जान बचाई। पड़ोस की महिलाएं पीड़िता को लेकर लालकुर्ती थाने पहुंची, जहां कार्रवाई न होने पर पीड़िता बिलखती रही।
लालकुर्ती क्षेत्र के बाउंड्री रोड निवासी राधा ने थाने में बिलखते हुए आरोप लगाया कि पति आशीष आए दिन मारपीट करता है। एक सप्ताह पहले भी आरोपी ने हत्या की धमकी दी थी। रविवार सुबह उसे पहले सरेआम पीटा और उसके बाद चाकू से हमला कर दिया। महिला के हाथ और शरीर पर कई जगह चाकू से कटने के निशान दिखाए गए। आरोप है कि आरोपी ने गला दबाने की भी कोशिश की। पीड़िता ने थाने में शिकायत की तो पुलिस ने महिला के पति से मोबाइल पर बात की। जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता को टरकाते हुए कहा कि सोमवार को आकर पूरा मामला बताना।