घायल अलका लांबा और पत्रकारों से वार्ता करते दिलीप पांडे
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दिलीप पांडेय ने कहा है कि विधायक अलका लांबा पर नहटौर में सभा के बाद हमला विरोधी दलों ने बौखलाहट में किया है। उन्होंने कहा कि विधायक पर हमले से इस बात का खुद अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का क्या हाल है। सूचना देने के बाद भी पुलिस सभा में सुरक्षा के लिए नहीं पहुंच रही है।
एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए दिलीप पांडेय ने कहा कि दिल्ली के चांदनी चौक से आम आदमी पार्टी की विधायक अलका लांबा और महरौली के विधायक नरेश यादव चुनावी सभा के लिए बिजनौर में आए हुए थे। नहटौर में मंगलवार रात आम आदमी पार्टी से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मोहम्मद राशिद की सभा का आयोजन था। अलका जब सभा के बाद गाड़ी में बैठने जा रही थीं, तभी भीड़ की ओर से विधायक पर किसी ने पत्थर फेंक कर मारा। पत्थर से विधायक के सिर में चोट लगी है। आप की सभा में आ रही भीड़ से विरोधी दल बौखला गए हैं। आप कई नगर पालिकाओं में परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नगर पालिका स्योहारा, नहटौर, बढ़ापुर, जलालाबाद, सहसपुर नगर पंचायत में अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। बाकी प्रत्याशियों का भी जल्द एलान किया जाएगा। इस मौके पर जिला संयोजक निर्मल मिश्रा, रुहेलखंड जोन के प्रभारी विनीत शर्मा, प्रदेश सचिव शकील अहमद मौजूद रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/