पुरानी करेंसी के साथ युवक गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर में नईमंडी पुलिस ने युवक को पांच लाख रुपये की पुरानी करेंसी के साथ गिरफ्तार किया है। वह नईमंडी ओवरब्रिज के नीचे किसी बैंक वाले के पास नोट बदलवाने आया था। पुलिस बैंककर्मी की तलाश में जुटी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नईमंडी इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह को सूचना मिली थी कि एक युवक लाखों रुपये की पुरानी करेंसी लेकर जानसठ ओवरब्रिज के नीचे खड़ा है, जो यहां पर पुराने नोट बदलवाने के लिए आया है। सूचना पर पुलिस ने टीम ने साथ मौके पर जाकर पुल के नीचे एचडीएफसी बैंक के पास खड़े एक युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से पुरानी करेंसी के पांच लाख बरामद हुए। चार लाख पुराने एक हजार के नोट और एक लाख पुराने 500 के नोटों की गड्डी उसके पास से मिले। नईमंडी कोतवाली लाकर उससे पूछताछ की, तो युवक ने अपना नाम अंकुर गुप्ता पुत्र अमोद गुप्ता निवासी मोहल्ला मोतीमहल, शहर कोतवाली बताया। पूछताछ में अंकुर ने बताया कि नोटबंदी के समय उसके पास उक्त रुपये रह गए थे, जिन्हें वह नए नोटों में नहीं बदलवा पाया था। उसके एक परिचित ने उसे बताया था कि एक बैंक कर्मी उसके ये नोट बदल देगा। कुछ दिन पहले ही एक व्यक्ति से मुलाकात हुई, जिसमें कहा कि पांच लाख रुपये के बदले में केवल 17 हजार रुपये ही मिलेंगे। इस व्यक्ति ने उसे बुधवार दुपहर नईमंडी में पुल के नीचे बैंक के पास मिलने को कहा था। वह यहां आकर उसका ही इंतजार कर रहा था। पुलिस ने बताया कि अंकुर अपने घर पर ही ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग का कार्य करता है। पांच लाख की पुरानी करेंसी बरामद होने पर उसके खिलाफ 5/7 विशिष्ट नोट जुर्माना का समापन अधिनियम 2017 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. जिस बैंककर्मी ने नोट बदलने के लिए उसे बुलाया था, उसकी तलाश की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/