संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मुल्हेड़ा गांव में गाली देने से मना करने पर एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही एक युवक पर बलकटी से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस को दी तहरीर में मुल्हेड़ा निवासी अमित ने बताया कि 28 अगस्त की रात करीब आठ बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव का ही पप्पन वहां पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। अमित के अनुसार, जब उसने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वह बचने के लिए घर के अंदर चला गया, लेकिन आरोपी भी घर में घुस आया और उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने बलकटी से भी हमला किया। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है।