लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के लिसाड़ी गांव निवासी फिरोज का दस वर्षीय बच्चा शाम को घर के बाहर जा रहा था। वहीं पड़ोसी भाजपा नेता चरण सिंह लिसाड़ी का बेटा हिमांशु भी अपने घर जा रहा था। इस दौरान दस साल के बच्चा गाली गलौज कर रहा था। आरोप है कि भाजपा नेता के बेटे ने बच्चे को चांटा मार दिया। इस पर बच्चा अपने घर पहुंचा और अपने पिता फिरोज को जानकारी दी। इस पर फिरोज 10-15 युवकों के साथ भाजपा नेता के घर में घुस गया और हिमांशु के साथ मारपीट कर दी।
इस दौरान भाजपा नेता के दूसरे बेटे जतिन ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे भी धमकी दी। आरापियों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए तमंचे से हवाई फायरिंग भी की। आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर फरार हो गये। सूचना पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक सोमेंद्र तोमर भी मौके पर पहुंच गये। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला, इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट रघुराज सिंह मौके पर पहुंचे। सांसद और विधायक ने सीओ से कहा कि क्या गांव छोड़कर चले जाएं।
पुलिस को मौके पर पहुंचने में भी एक घंटा लगता है। उन्होंने इंस्पेक्टर से कहा कि यदि 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो थाना छोड़ देना। सीओ दिनेश शुक्ला का कहना है कि तहरीर के आधार पर फिरोज समेत आठ लोगों के खिलाफ बलवा, एससी/एसटी एक्ट और जानलेवा हमले में रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही आरोपी सईदू और रशीद को गिरफ्तार कर लिया।