सिपाही व उसके पिता हमले में घायल
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर जिले में कचहरी परिसर में पत्नी के साथ चल रहे वाद में सुनवाई पर आए यूपी पुलिस के सिपाही व उसके पिता पर पत्नी पक्ष ने हमला कर दोनों को लहूलुहान कर दिया। पुलिस दोनों को बचाकर सिविल लाइंस थाने ले गई, जहां पीड़ित ने पत्नी पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है।
शामली के मोहल्ला पटेलनगर निवासी कुलदीप यूपी पुलिस में सिपाही है और फिलहाल मेरठ के महिला थाने में तैनात है। कुलदीप की शादी करीब तीन साल पूर्व जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव अहरोड़ा निवासी युवती से हुई थी। दंपती के बीच मनमुटाव के चलते कुछ माह पूर्व कुलदीप की पत्नी मायके चली गई और कोर्ट में हर्जे-खर्चे का वाद दायर कर दिया। कुछ दिन पूर्व दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था, लेकिन बाद में लड़की पक्ष इस फैसले से हट गया था।
यह भी पढ़ें: मेरठ: लावड़ में महिलाओं ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वर्दी फाड़ी, एसओ समेत कई घायल
वहीं मंगलवार को दोनों पक्ष सुनवाई के लिए तारीख पर कोर्ट आए थे। इसी दौरान कचहरी परिसर में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद उनमें जमकर मारपीट हो गई। इसमें सिपाही कुलदीप व उसके पिता सिर फटने से लहूलुहान हो गए। शोरशराबा होने पर आसपास से लोग पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजकर उनका मेडिकल कराया। मामले में सिपाही कुलदीप ने ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/