आरोपियों ने एटीएम में युवक से 20 हजार रुपये लूटे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। खिर्वा रोड पर शुक्रवार को एटीएम के अंदर सरधना निवासी उमेश से 20 हजार रुपये लूटे थे। वारदात करने वाले बदमाशों से रविवार को सरधना पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में शामली निवासी विपिन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी शामली निवासी लुकमान व कंकरखेड़ा के लक्ष्मी विहार निवासी अंकुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।
कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम रविवार सुबह से शामली रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में विपिन के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने लुकमान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर तीसरे साथी अंकुर को जेवरी रोड से गिरफ्तार कर लिया। सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
-बाइक, तमंचा और 15 हजार रुपये बरामद
सीओ के अनुसार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा लूट के 15 हजार रुपये बरामद हुए। बाकी के पैसे आरोपियों ने खाने-पीने में खर्च कर दिए।